नवलगढ़/अहमदाबाद: अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। लेकिन यह हादसा राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे के लिए बेहद निजी पीड़ा लेकर आया है। इस दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई। रूपाणी अपनी इकलौती बेटी राधिका से मिलने लंदन जा रहे थे, लेकिन उनकी यह अंतिम यात्रा बन गई।

राधिका रूपाणी नवलगढ़ की बहू हैं, जिनका विवाह नवलगढ़ निवासी निमित मिश्रा से हुआ है। निमित और राधिका पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं। विवाह के बाद दोनों लंदन में बस गए और वहीं से अपने करियर की शुरुआत की। राधिका ने लंदन में अपनी एक लोकप्रिय फूड और लाइफ स्टाइल कंपनी की स्थापना की है। राधिका ने भारतीय संस्कृति की सशक्त प्रतिनिधि के रूप में कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन किया है।

जैसे ही हादसे की खबर मिली, वैसे ही नवलगढ़ के मंडी गेट स्थित मिश्रा परिवार में सन्नाटा पसर गया। विजय रूपाणी पहले ही 10 जून को लंदन के लिए रवाना होने वाले थे, पर पार्टी के कार्यक्रमों के चलते उन्हें लंदन जाना टालना पड़ा। उनकी पत्नी पहले से ही लंदन में मौजूद थी। अंततः जब वह रवाना हुए, तब यह यात्रा त्रासदी में बदल गई। इस हादसे में अब तक कुल 265 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें राजस्थान के 12 लोग शामिल हैं। यह हादसा सिर्फ एक तकनीकी गलती नहीं थी, बल्कि यह सैकड़ों सपनों, रिश्तों और भविष्य की उम्मीदों का अंत था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version