जयपुर: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, राजस्थान प्रदेश इकाई द्वारा एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन आगामी सोमवार, दिनांक 2 जून 2025 को दोपहर 12:00 बजे, पिंक सिटी प्रेस क्लब, जयपुर में किया जाएगा। इस प्रेस वार्ता का उद्देश्य पार्टी की भावी रणनीति, संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक सरोकारों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करना है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्री सुशील चंद्र यादव इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष जय प्रकाश राठौर ‘बंटी सिंह’ भी मंच पर मौजूद रहेंगे और प्रदेश स्तरीय योजनाओं, संगठन के कार्य, आगामी चुनावी तैयारियों और सामाजिक न्याय से जुड़ी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालेंगे।
पत्रकार वार्ता में यह भी बताया जाएगा कि पार्टी किस प्रकार प्रदेश के वंचित, पिछड़े, दलित और गरीब वर्गों की आवाज बन रही है। पार्टी के पदाधिकारी जनता से सीधे संवाद और जमीनी मुद्दों के समाधान हेतु प्रतिबद्ध हैं। यह संवाद प्रेस के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया है।प्रदेश अध्यक्ष जय प्रकाश राठौर ने सभी मीडिया साथियों से अनुरोध किया है कि वे समय पर उपस्थित होकर पार्टी के विचारों और भावी योजनाओं को जनमानस तक पहुंचाने में सहयोग करें। यह संवाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के भविष्य की दिशा और दृष्टि को स्पष्ट करने का एक अहम अवसर साबित होगा। इस आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और इसे प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।