राजस्थान के अजमेर में देश की पहली राष्ट्रीय ऊँट दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में देशभर के 8 से अधिक राज्यों से 50 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें राजस्थान, कश्मीर, दिल्ली, महाराष्ट्र आदि राज्य शामिल रहे। इस प्रतियोगिता में पहला स्थान पुष्कर के रमेश सिंह रावत ने प्राप्त किया, दूसरा स्थान अजमेर के विक्रम सिंह राठौड़ को मिला और पुष्कर के ही दिलीप सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
तीन राउंड तक चला मुकाबला
यह प्रतियोगिता तीन राउंड में संपन्न हुई। इसका आयोजन कैमिलाइड्स स्पोर्ट्स इंडिया फेडरेशन और राजस्थान कैमिलाइड्स एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। फेडरेशन के अध्यक्ष इकबाल खान ने बताया कि यह प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चली।
जल संसाधन विकास मंत्री ने किया उद्घाटन
इस दौड़ प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें लड़कों के साथ-साथ लड़कियाँ भी शामिल हुईं। प्रतियोगिता का उद्घाटन राजस्थान के जल संसाधन विकास मंत्री सुरेश सिंह रावत ने केसरिया झंडी दिखाकर किया। पुष्कर मेले में आयोजित यह प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न हुई।
लड़कियों के लिए 1 किलोमीटर और लड़कों के लिए 2 किलोमीटर का रेसिंग ट्रैक
प्रतियोगिता में रेसिंग ट्रैक की लंबाई लड़कियों के लिए 1 किलोमीटर और लड़कों के लिए 2 किलोमीटर निर्धारित की गई थी। लड़कियों की दौड़ में पहला स्थान चूरू की निष्ठा सिंह को मिला, दूसरा स्थान महाराष्ट्र की गायत्री को और तीसरा स्थान अजमेर की लैला परवीन को प्राप्त हुआ।
सम्मानित किए गए प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के साथ-साथ स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं अन्य प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।