नागौर जिले के विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा नागौर जिले में कुल ₹116.18 करोड़ की लागत से चार बड़े सड़क विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। यह मंजूरी नागौर सांसद के लगातार प्रयासों का परिणाम है। इन कार्यों में पहला प्रमुख कार्य गोगेलाव स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र के जंक्शन पर फ्लाईओवर का निर्माण है, जिसके लिए ₹32.90 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। यह फ्लाईओवर नागौर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-62) पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अत्यंत आवश्यक माना जा रहा है। इसके अलावा ₹83.28 करोड़ की राशि से तीन अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को भी हरी झंडी दी गई है:
1. खींवसर विधानसभा क्षेत्र के कुचेरा कस्बे में फ्लाईओवर निर्माण कार्य,
2. डेगाना विधानसभा क्षेत्र के टेहला गांव में फ्लाईओवर निर्माण,
3. अजमेर से मुंडवा तक के मार्ग पर 15 स्थानों पर जंक्शन सुधार।
इन सभी कार्यों के कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। सांसद ने यह भी बताया कि गोगेलाव से अमरपुरा तक बाईपास सड़क की स्वीकृति भी जल्द दी जाएगी। साथ ही डीडवाना के बांठड़ी चौराहे और शेरानी आबाद में भी फ्लाईओवर और बाईपास के प्रस्ताव आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नागौर से सालासर तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क की DPR में रोड सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर और जंक्शन सुधार के निर्देश NHAI को दिए जा चुके हैं। सांसद ने इन स्वीकृतियों के लिए केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी का आभार जताया और कहा कि वे नागौर के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित हैं।