जालोर: रूस के मास्को में 1 से 7 जून तक आयोजित मास्को स्टार वुशू चैंपियनशिप में जालोर के खिलाड़ियों ने भारत का गौरव बढ़ाया है। जालोर के विहानराज सक्सेना ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जबकि छवि चौधरी ने लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक अर्जित किया। 45 किलो वर्ग में चयनित, और मास्को में शानदार प्रदर्शन का ताल-मेल बिठाते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाले केवल 17 वर्ष के विहान ने देश-विदेश में अपनी छाप छोड़ी।
उन्होंने भारत के वुशू कोच प्रीतम सिंह राठौड़ के निर्देशन में पदक हासिल किया है। जिला वुशू संघ के महासचिव कन्हैयालाल मिश्रा और अध्यक्ष शिवदत्त आर्य ने बताया कि विहान का चयन 45 किलो वजन वर्ग और छवि का चयन 75 किलो वजन वर्ग में भारतीय वुशू टीम में हुआ था। दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दोनों ही खिलाड़ी जालोर स्थित वीर विरमदेव स्पोर्ट्स एकेडमी में कोच प्रितम सिंह राठौड़ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। राजस्थान वुशू संघ के अध्यक्ष हीरानंद कटारिया, महासचिव ममता वर्मा, अंतरराष्ट्रीय वुशू कोच राजेश कुमार टेलर, जिला वुशू संघ के संरक्षक दलपत सिंह आर्य, और खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।