ग्राम मानपुरा, रूपनगढ़ में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान देवनारायण महाराज के नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गोविंद जी महाराज (रामगढ़, मेहगांव धाम) और प्रेमनाथ जी महाराज (पुष्कर) के सान्निध्य में संपन्न हुआ। समारोह की शुरुआत कलश यात्रा और शोभायात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके पश्चात हवन और भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय भक्तों के साथ बाहर से आए संतों और कलाकारों ने भाग लिया।
मुख्य दिन रविवार को भगवान देवनारायण महाराज की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। इसके बाद महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का वातावरण देखने को मिला। इस पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा, भंवर सिंह पलाड़ा, पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, प्रधान रामचंद्र थाकण, जिला परिषद सदस्य गोरा देवी एवं नंदाराम मूंड विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने भगवान देवनारायण जी के जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता और लोक कल्याणकारी संदेशों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं।