राजस्थान इंटेलिजेंस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जैसलमेर से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान पठान खान के रूप में हुई है, जो लंबे समय से भारत की संवेदनशील जानकारियां दुश्मन देश तक पहुंचा रहा था। सूत्रों के अनुसार, पठान खान को इंटेलिजेंस टीम ने करीब एक महीने पहले ही हिरासत में ले लिया था और पूछताछ के बाद अब उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पठान खान वर्ष 2013 में पाकिस्तान गया था, जहां उसकी मुलाकात ISI के अधिकारियों से हुई। वहीं से वह उनके संपर्क में आया और भारत लौटने के बाद लगातार संवेदनशील सूचनाएं उन्हें भेजता रहा। वर्ष 2019 से वह सीमावर्ती क्षेत्रों की सैन्य गतिविधियों, सेना की तैनाती और अन्य गोपनीय जानकारियां ISI तक पहुंचा रहा था।

इंटेलिजेंस सूत्रों का कहना है कि पठान खान आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर सूचनाएं भेजता था और इसके बदले उसे पैसे भी मिलते थे। उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी और जब पुख्ता सबूत मिले, तो उसे डिटेन कर लिया गया।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसकी नेटवर्किंग कितनी बड़ी थी और क्या उसमें और लोग भी शामिल हैं। यह गिरफ्तारी भारत की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version